भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरगुजा के सात शिक्षकों ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। देश के सबसे बड़े स्वप्रेरित नवाचारी शिक्षक समूह द्वारा प्रतिवर्ष दिए जाने वाले प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान 2025–26 के लिए शिक्षकों के नाम घोषित किए गए हैं। चयनित शिक्षकों ने अपने-अपने विद्यालयों में पढ़ाई को रोचक, तकनीक-संयुक्त और नवाचारपूर्ण बनाकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर किया है।सम्मान के लिए चयनित शिक्षक में अंबिकापुर की परसा मिडिल स्कूल में पदस्थ आराधना तिवारी को सम्मानित किया जाएगा। इन्होंने स्कूल के बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा है और स्कूल के बच्चों का राष्ट्रीय पत्रिका चकमक में लगातार हर अंक में रचनाएं प्रकाशित हो रही हैं। आराधना तिवारी के अलावा बतौली से उमा साहू, लखनपुर से पूर्णिमा मेहता, लुंड्रा से रिंकी पैकरा, सीतापुर से सरिता एक्का तथा उदयपुर से रजनीकांत साहू। सम्मान समारोह में देशभर से चयनित नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा, जहां सरगुजा के शिक्षक भी अपने नवाचारों का प्रस्तुतीकरण करेंगे। इससे अन्य शिक्षकों को भी नई सोच और प्रयोगों के लिए प्रेरणा मिलेगी।


