समलेश्वरी को 2-1 से हराकर केरल पुलिस टीम ने फाइनल में बनाई जगह

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर अखिल भारतीय शेषन स्मृति 50वां गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के 10वें दिन गुरुवार को कोरिया जिला के चरचा कॉलरी मैदान में पहला सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। यह मैच समलेश्वरी 11 संबलपुर और केरल पुलिस के बीच खेला गया, जिसमें केरल पुलिस ने 2-1 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। टूर्नामेंट अपने आखिरी पड़ाव की ओर जैसे- जैसे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे स्टेडियम में दर्शकों की भीड़ भी उमड़ रही है। महाजन स्टेडियम में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में पुरुषों से ज्यादा भीड़ महिलाओं की होती है। 10 दिन के मुकाबले की शुरुआत तेज रफ्तार के साथ हुई। मैच के शुरुआती मिनटों में ही केरल पुलिस के जर्सी नंबर 17 ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती झटके के बाद संबलपुर की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और बराबरी के लिए लगातार प्रयास करती रही। उनके प्रयासों का फल मध्यांतर से ठीक पहले मिला, जब जर्सी नंबर 18 ने बेहतरीन गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। गेंद पर नियंत्रण और तेज पासिंग के साथ दोनों पक्ष गोल करने के मौके तलाशते रहे। मैच के 55वें मिनट में केरल पुलिस के जर्सी नंबर 13 ने सटीक शॉट लगाकर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद संबलपुर ने बराबरी के लिए ताबड़तोड़ हमले किए, लेकिन केरल की मजबूत रक्षा पंक्ति ने उन्हें सफल नहीं होने दिया। निर्धारित समय तक स्कोर 2-1 ही रहा और केरल पुलिस ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली। मैच के मुख्य निर्णायक आनंद डाडेल, सहायक निर्णायक प्रफुल्ल कुमार और आकाश रहे, जबकि मैच कमिश्नर की जिम्मेदारी अनिल ने निभाई। आज दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला जय यूनिवर्सिटी चेन्नई और सेरसा खड़कपुर के बीच खेला जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *