भक्तों ने सुना श्रीराम जन्मोत्सव का मार्मिक वर्णन

भास्कर न्यूज | पटना ग्राम पंचायत कटोरा में विगत सात दिनों से श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां 6 फरवरी से श्रीराम कथा व रस महोत्सव का भव्य आयोजन ग्रामीण कर रहे हैं। इसमें स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ दूरस्थ स्थानों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंच रहे हैं। पूरे गांव का वातावरण राममय हो गया है और प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भीड़ में लगातार वृद्धि हो रही है। महोत्सव की शुरुआत 6 फरवरी को भव्य मंगल जल यात्रा व कलश यात्रा के साथ हुई। गांव की महिलाओं व कन्याओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर पूरे गांव में शोभायात्रा निकाली। गाजे-बाजे और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इसके बाद प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से देर शाम तक कथा का आयोजन किया जा रहा है। ऋषभ तीर्थ, दमऊधारा सक्ती के कथावाचक पं. दिव्य आनंद तिवारी श्रीराम कथा का वाचन कर रहे हैं। कथा के पहले दिन मंगलाचरण व नाम महिमा से शुरू कर शिव चरित्र, श्रीराम जन्मोत्सव, बाललीला, अहिल्या उद्धार, धनुष भंग और सीताराम विवाह उत्सव की मार्मिक प्रस्तुति की गई। गुरुवार को कथावाचक ने राम वन गमन व भरत मिलाप प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा के दौरान भजन-कीर्तन और संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहता है। इस आयोजन में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। विधायक भइयालाल राजवाड़े व महिला व बाल विकास विभाग की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े कथा का रसास्वादन करने पहुंचे। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना कर कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *