भास्कर न्यूज | बिश्रामपुर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिश्रामपुर के सभाकक्ष में जिले में बनाए गए सभी परीक्षा केंद्र प्रभारी और संबंधित प्राचार्यों की एक दिवसीय प्रशिक्षण सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा की अध्यक्षता में सूरजपुर जिले में आगामी कक्षा दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षा के सफल संचालन के संबंध में यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। जिला शिक्षा अधिकारी ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं के सफल, निष्पक्ष व पारदर्शी संचालन के लिए नियुक्त सभी केंद्र अध्यक्षों को दिशा-निर्देश दिए। निर्देशानुसार प्रत्येक केंद्र अध्यक्ष परीक्षा केंद्र पर गोपनीयता, अनुशासन व शुचिता बनाए रखने पूर्णतः उत्तरदायी होंगे। प्रश्नपत्र व उत्तरपुस्तिकाओं की सुरक्षित प्राप्ति, भंडारण व समयानुसार वितरण सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। परीक्षा प्रारंभ से पूर्व कक्ष निरीक्षकों को मार्गदर्शन प्रदान करना और नकल व अनुचित साधनों पर प्रभावी रोक लगाना अनिवार्य रहेगा। साथ ही पर्याप्त बैठक व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, फर्स्ट एड बॉक्स व अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल अधिकारियों को देने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में बोर्ड परीक्षा संपन्न होने के बाद उत्तरपुस्तिकाओं के गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष व समयबद्ध मूल्यांकन के लिए मास्टर ट्रेनर और पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय रामानुजनगर के प्राचार्य पीसी सोनी ने सभी मूल्यांकन केंद्र प्रभारियों को विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। मूल्यांकन कार्य पूर्ण गोपनीयता व निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाएगा। मुख्य परीक्षक व सहायक परीक्षकों को मॉडल उत्तर व अंक विभाजन योजना के आधार पर पूर्व प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे मूल्यांकन में एकरूपता बनी रहे। मूल्यांकन केंद्र प्रभारियों को उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित रख-रखाव, दैनिक प्रगति की समीक्षा और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा कराने की व्यक्तिगत जिम्मेदारी सौंपी है। किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रतिवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। अंत में जिला शिक्षा अधिकारी मिश्रा ने कहा परीक्षा व मूल्यांकन कार्य विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। अतः सभी संबंधित अधिकारी व शिक्षक पूर्ण गंभीरता, निष्पक्षता व उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें, ताकि परिणामों की गुणवत्ता, विश्वसनीयता व पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।


