कोरबा| जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव और एग्रीटेक कृषि मेला आयोजित हो रहा है। जांजगीर-चांपा में आयोजित इस मेले में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में नन्हा कलाकार पार्थ यादव को उत्कृष्ट तबला वादन करने पर स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। तीन दिवसीय आयोजन का समापन 13 फरवरी को होगा। इसका उद्देश्य जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत व कृषि परंपराओं को प्रोत्साहित करना था। महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। पार्थ ने अपनी तबला प्रस्तुति से कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार किया। उनकी लय, ताल और प्रस्तुति कौशल ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और लोक संस्कृति को सशक्त अभिव्यक्ति प्रदान की। पार्थ को जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर जन्मेजय महोबे, एसपी आदि ने सम्मानित किया। आयोजन समिति ने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली कलाकार जिले का नाम प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित कर रहे हैं।


