जालोर के सायला थाना क्षेत्र के मोकणी गांव में शनिवार की शाम करीब 8 बजे एक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता व पुत्र की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया। रविवार को पहुंचे परिजन मुआवजे की मांग को लेकर मॉर्च्युरी के सामने धरने पर बैठ गए। थानाधिकारी सुरेंद्रसिंह ने बताया- सायला निवासी प्रकाश कुमार(45) पुत्र मोहनलाल दवे और उसका (9) साल का पुत्र महावीर बाइक पर सवार होकर मोकणी स्थित वोकल माता मंदिर में पूजा पाठ कर घर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर सायला रोड पर पीछे से आ रही एक पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार प्रकाश और उसके पुत्र महावीर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को सायला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया और वाहन को अपने कब्जे में लिया। दूसरे दिन रविवार को परिजनों ने दोनों के शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया और सायला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने धरने पर बैठ गए। मृतक के बेटे व परिजनों ने बताया कि प्रकाश का परिवार गरीब है। प्रकाश मंदिरों में पूजा पाठ कर घर चलाता था। लेकिन मौत के बाद परिवार का गुजारा चलाना मुश्किल है। जिससे उसकी पत्नी को आंगनबाड़ी केंद्र में नौकरी और एक बेटे को नगर पालिका में नौकरी देने और उचित मुआवजा दिलाने के साथ ही पिकअप चालक पर कठोर कार्रवाई की मांग की। सायला एसडीएम सूरजभान विश्नोई, थानाधिकारी सुरेंन्द्र सिंह के द्वारा समझाइश की जा रही है। वहीं परिजनों ने गर्ग से मिलकर वार्ता करने की मांग की।


