जालंधर| लतीफपुरा मामले के लंबे समय से लंबित रहने के बाद हुए समाधान ने स्थानीय लोगों को राहत दी है। इस महत्वपूर्ण जनहित मुद्दे के हल होने पर जॉइंट एक्शन कमेटी मॉडल टाउन ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा का विशेष रूप से धन्यवाद किया। इस मौके पर कमेटी के सदस्यों ने कहा कि इस विवाद के कारण क्षेत्रवासी लंबे समय से मानसिक और सामाजिक परेशानियों का सामना कर रहे थे। उन्होंने पंजाब सरकार की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम साबित करता है कि वर्तमान सरकार आम जनता की समस्याओं को हल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर जालंधर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के ट्रस्टी आत्म प्रकाश सिंह बब्बलू, एक्शन कमेटी के चेयरमैन वरिंदर मलिक और प्रधान जसविंदर सिंह साहनी के नेतृत्व में कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे। यहां राजीव दुग्गल, ललित त्रिखा, रोहित मलिक, रबिंदर सिंह मौजूद रहे।


