मंत्री कश्यप ने दी जानकारी:केंद्र की जीरो फैटेलिटी योजना में रायपुर शामिल सड़क हादसे-मौतों को ‘0’ पर लाने का लक्ष्य

प्रदेश में हाई स्पीड वाहनों के बढ़ते चलन के साथ सड़क हादसों में लगातार इजाफा हो रहा है। वर्ष 2025 में रायपुर में 15000 दुर्घटनाओं में 6700 लोगों की मौत हुई। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार ने रायपुर को जीरो फैटेलिटी जिला योजना में शामिल किया है। इसमें देश के 100 जिले शामिल हैं। इसके अलावा राज्य सरकार इस योजना में बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और जगदलपुर को भी शामिल कराने की तैयारी कर रही है। यह जानकारी गुरुवार को परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने प्रेस कांफ्रेंस में दी। मंत्री ने कहा कि हादसों और मौतों को शून्य पर लाना हमारी प्राथमिकता है। केंद्र की योजना के तहत सड़क हादसों के कारणों की पहचान, ब्लाइंड स्पॉट चिन्हित करना और पिछले तीन सालों के डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है। एनएचएआई जैसी एजेंसियां रंबल स्ट्रिप्स, संकेत बोर्ड और ट्रैफिक कंट्रोल उपाय लागू कर रही हैं। नगर निगम और परिवहन विभाग मिलकर लेन मार्किंग, फेंसिंग, लाइटिंग और सुरक्षित पैदल क्रॉसिंग विकसित कर रहे हैं। प्रेस कांफ्रेंस में वन विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, परिवहन सचिव एस. प्रकाश, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वी. श्रीनिवास राव और लघु वनोपज संघ के एमडी अनिल साहू मौजूद थे। आठ जिलों में ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर खुले
मंत्री ने बताया कि रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अम्बिकापुर, जगदलपुर, कोरबा, राजनांदगांव और रायगढ़ में ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर (एटीएस) संचालन हो रहा है। आठ जिलों में ई-ट्रैक निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। अंबिकापुर, जगदलपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायपुर, जशपुर, रायगढ़ और महासमुंद में सेंसर आधारित कंप्यूटरीकृत ड्राइविंग टेस्ट लिया जाएगा। 20 और वेटलैंड को रामसर साइट घोषित कराएंगे
कश्यप ने कहा कि वर्ष 2030 तक प्रदेश के 20 वेटलैंड को रामसर साइट घोषित करने का लक्ष्य है। पहाड़ी मैना संरक्षण के लिए 200 घोंसले चिह्नित किए गए। फिलहाल 600-700 पहाड़ी मैना निगरानी में हैं। बाघों की वंशवृद्धि के लिए मध्यप्रदेश के कान्हा टाइगर रिजर्व से 3 बाघ और बांधवगढ़ से 3 मादा बाघिन उदंती-सीतानदी और गुरुघासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व में लाए जाएंगे। 16 लाख किसानों को शून्य ब्याज 7667 करोड़ कर्ज
कश्यप ने कहा कि 2025-26 में शून्य प्रतिशत ब्याज पर 15.55 लाख किसानों को 7667 करोड़ रुपये कर्ज दिए गए। खरीफ सीजन में 25.24 लाख किसानों से 141.04 लाख टन धान खरीदा गया। इसके लिए 31275 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। चार सहकारी शक्कर कारखानों ने 6.92 लाख टन गन्ना खरीदा। किसानों को 290 करोड़ रुपये दिए गए। इस साल 200 नई बसें चलाएंगे
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत 69 रूट पर 69 बसें चल रही हैं। बस्तर और सरगुजा संभाग के 450 गांव बस सेवा से जुड़े हैं। वर्ष 2026-27 में 200 नई बसें चलाने की योजना है। यात्रियों की सुविधा के लिए ‘बस संगवारी’ मोबाइल एप लॉन्च किया गया। इस एप पर रूट, समय और उपलब्ध बसों की जानकारी मिलती है। जल्द ही बसों की लाइव लोकेशन भी एप पर उपलब्ध होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *