पंजाब में फरीदकोट के कोटकपूरा क्षेत्र से विधायक और पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने अमेरिका से डिपोर्ट किए जा रहे भारतीयों को हथकड़ी लगाकर भेजे जाने की निंदा की है। इस मामले में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दोस्ती पर भी तंज कसा है। रविवार को कोटकपूरा में प्रेस क्लब द्वारा आयोजित एक समारोह में शिरकत करने पहुंचे। विधानसभा स्पीकर ने कहा कि जिस समय हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से हाथ मिलाया जा रहे थे, उसी समय डिपोर्ट किए जा रहे भारतीय लोगों के हाथों में हथकड़ी और पैरों में बेड़ियां लगाकर वापस भेजा जा रहा था। मोदी अमेरिका से बात करें
प्रधानमंत्री मोदी को इस विषय में अमेरिका से बातचीत करनी चाहिए, पर लगता है कि वह सिर्फ अडाणी के विषय में ही बातचीत करने के लिए अमेरिका गए थे। स्पीकर संधवां ने कहा कि कोलंबिया जैसे छोटे देशों के लोगों को भी अमेरिका से सम्मान पूर्वक वापस भेजा गया है जबकि भारत के लोगों के साथ ऐसा भेदभाव वाला सलूक क्यों किया जा रहा है। विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने पंजाब के नौजवानों को सिर्फ वैध तरीके से ही विदेश जाने का आह्वान किया ताकि किसी तरह की कोई दिक्कत परेशानी ना हो। साथ ही उन्होंने कहा कि डिपोर्ट हुए पंजाबियों के साथ राज्य सरकार खड़ी है और उनकी हर तरह से मदद की जाएगी। इसके अलावा उनके साथ धोखा करने वाले ट्रैवल एजेंटों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।


