मांडल कस्बे मे भीलवाड़ा ग्रामीण जिले का विशाल गुणवत्ता संचलन निकला। संचालन के दौरान शारीरिक दक्षता,आत्म रक्षा और दंड उपयोगिता के प्रशिक्षण का भी प्रदर्शन किया गया। रविवार दोपहर कस्बे के ब्यावर मार्ग स्थित बाल विद्या मंदिर स्कूल से जिला ग्रामीण संघ के सत्यनारायण जाट के नेतृत्व में संचालन शुरू हुआ, जो बस स्टैंड, नीलकंठ महादेव मंदिर, दशहरा चौक, बम चौराया, भीम रोड, चौपा श्री रामदेव मंदिर, गोपाल द्वारा घाटी मण्डोवरी बाजार काबरा गली देवनारायण बाजार, उखाड़ पछाड़ हनुमान मंदिर, मालियों की हथाई, शक्कर कुई, श्री नर्सिंग भगवान का मंदिर आगाल गली, प्रताप नगर, बस स्टैंड सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए बाल विद्या मंदिर विद्यालय पहुंच कर सम्पन्न हुआ। संचलन का कस्बे के बस स्टैंड पहुंचने पर विधायक उदयलाल भडाणा सहित कस्बे वासियों ने पुष्पवर्षा और भारत माता की जय, वन्दे मातरम आदि नारों से स्वागत किया। साथ ही कस्बे के विभिन्न मार्गों पर भी पुष्पवर्षा से संचलन का स्वागत किया गया। संचलन में पूरे जिले के विभिन्न खंडों से स्वयं सेवकों ने भाग लिया। इससे पहले बाल विद्या स्कूल के प्रांगण में शारीरिक प्रधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें स्वयं सेवकों द्वारा अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया गया। संचालन के दौरान मांडल पुर, कारोई, बागौर, करेड़ा अतिरिक्त सुरक्षा बल के जवानों ने संचलन के मार्ग पर चौकसी बनाए रखी।


