सुप्रीम कोर्ट से प्रतिबंधित चंबल बजरी के खनन को रोकने के लिए सदर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई की हैं। सदर थाना पुलिस ने चंबल बजरी से भरे एक ट्रक के साथ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। पुलिस की दोनों ही कार्रवाई में दो ड्राइवर को भी गिरफ्तार किया है। सदर थाना प्रभारी भीम सिंह ने बताया कि अवैध बजरी खनन को रोकने के लिए आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 पर एएसआई गिरवर सिंह के साथ पुलिस की टीम ने सदर चौराहे पर नाकाबंदी की, जहां मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने बजरी से भरे ट्रक को आता देख रोक लिया। ट्रक को चेक करने पर उसमें सुप्रीम कोर्ट से प्रतिबंधित चंबल बजरी भरी हुई मिली। जिस पर पुलिस ने ट्रक को जब्त कर ट्रक चला रहे ड्राइवर विनोद (35) पुत्र निर्भय निवासी ऋषभ पेट्रोल पंप के पास थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी कार्रवाई करते हुए पचगांव चौकी प्रभारी एएसआई सुरेश चंद्र ने बताया कि पुलिस की टीम ने पीछा करते हुए पचगांव चौकी के पास से चंबल बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहा ड्राइवर पुलिस को देखकर बजरी सड़क पर फैलता हुआ भाग रहा था। जिसे घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ लिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त करते हुए पुलिस ने उसके ड्राइवर राधेश्याम (29) पुत्र राजवीर निवासी मोरोली को गिरफ्तार किया है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने वन्य जीव अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।


