झुंझुनूं के मेहड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस पहरे में दलित दूल्हे की बिंदौरी निकाली गई। इस दौरान दूल्हे और उसके परिजनों की सुरक्षा के लिए चार थानों का पुलिस जाब्ता तैनात रहा। मामला मेहाड़ा थाना इलाके की त्यौदा पंचायत के गोविंदासपुरा गांव का है। मेहाड़ा थाना अधिकारी भजनाराम ने बताया- 15 फरवरी को गोविंदासपुरा के राकेश कुमार पुत्र मदनलाल की शादी थी। इससे पहले गांव में परिवार बिंदौरी निकालने वाला था। 12 फरवरी को कुछ युवकों ने परिवार के लोगों को राकेश की बिंदौरी घोड़ी पर नहीं निकालने की धमकी दी। इस पर मदनलाल की ओर मेहाड़ा थाने में शिकायत दी। जिस पर पुलिस गांव में पहुंची और गांव के 15 से ज्यादा लोगों को पाबंद किया। 60 जवानों को किया तैनात
इसके बाद परिजन झुंझुनूं एसपी शरद चौधरी के पास पहुंचे और मामले की शिकायत दी। इस पर एसपी ने झगड़े की आशंका को देखते हुए मेहाड़ा, खेतड़ी, खेतड़ी नगर और बबाई थाने के जवानों के साथ पुलिस लाइन से क्यूआरटी टीम समेत 60 जवानों को गांव में तैनात किया। धूमधाम से निकली बिंदौरी
शनिवार की शाम करीब 4 बजे पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच दूल्हे की बिंदौरी निकाली गई। दूल्हा घोड़ी पर सवार होकर गांव में घूमा और इसके बाद बारात नारनौल के शोभापुर के लिए रवाना हुई। थानाधिकारी भजनाराम ने बताया कि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। पुलिस ने बताया कि दूल्हे के परिवार में उस समेत 5 भाई है। जबकि दूल्हा राकेश कुमार गुरुग्राम में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। वहीं पिता मजदूरी करते है।


