सिरोही के पिंडवाड़ा में ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर आरासना गेट के पास दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। क्यारी निवासी भैराराम पुत्र गुकाराम अपनी बाइक से आरासना अंबाजी गेट के सामने से गुजर रहा था, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भैराराम बाइक सहित दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर वाहन सहित फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पिंडवाड़ा थाने के हेड कॉन्स्टेबल मोहनलाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय समाजसेवी शिवलाल प्रजापत की मदद से शव को एंबुलेंस द्वारा पिंडवाड़ा के सरकारी अस्पताल की मॉर्चुरी में भेजा गया। पुलिस ने तुरंत मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने फरार ट्रक ड्राइवर की धरपकड़ के लिए आस पास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।


