जिला प्रशासन द्वारा बुजुर्गों की देखभाल और सम्मान को समर्पित ‘साढ़े बुजुर्ग साढां मान’ अभियान की शुरुआत 16 फरवरी को की जा रही है। इस अवसर पर स्थानीय रेड क्रॉस भवन में जिला स्तरीय स्वास्थ्य एवं जागरूकता कैम्प आयोजित किया जाएगा। जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कैम्प में बुजुर्गों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ ऑर्थो और आंखों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत रजिस्ट्रेशन भी होगा उन्होंने बताया कि कैम्प के दौरान बुजुर्गों को स्वास्थ्य संभाल से जुड़ी जरूरी जानकारी दी जाएगी। साथ ही, बुजुर्गों का मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत रजिस्ट्रेशन भी मौके पर ही किया जाएगा। कानूनी जागरूकता और बैंक सुविधाओं की भी जानकारी कैम्प में कानूनी सेवाएं प्राधिकरण द्वारा बुजुर्गों को उनके अधिकारों को लेकर कानूनी जागरूकता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा बैंकों द्वारा बुजुर्गों को मिलने वाली विशेष सुविधाओं के बारे में भी अवगत कराया जाएगा। 16 मार्च तक जिलेभर में लगेंगे विशेष कैंप नरेश कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत 16 मार्च 2026 तक जिले के विभिन्न स्थानों पर विशेष कैम्प लगाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य जांच के अलावा बुजुर्गों के कल्याण से जुड़ी अन्य गतिविधियां भी करवाई जाएंगी। प्रशासन की अपील- बुजुर्गों को कैम्प तक जरूर लाएं जिला प्रशासन ने जिलावासियों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास रहने वाले बुजुर्गों को इन स्वास्थ्य एवं जागरूकता कैम्पों में अधिक से अधिक संख्या में लेकर आएं, ताकि वे इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाकर स्वस्थ और सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सकें।


