नागौर में गोगेलाव व बारानी के बीच सड़क हादसा हो गया। ट्रक और कंटेनर में जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। आग लगने के बाद नेशनल हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना पर नागौर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की सहायता से आग पर काबू पाया गया। ईंटों से भरा हुआ ट्रक बीकानेर से और मिर्ची से भरा हुआ कंटेनर भीलवाड़ा से आ रहा था। सदर सीआई सुरेश कस्वां ने बताया कि बीकानेर रोड पर आज सुबह 6 बजे एक कंटेनर और एक ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लगने से दोनों ट्रक चालक फंस गए और जिंदा जल गए। दमकल ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम भी लग गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर करीब ढाई घंटे बाद खुलवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीआई सुरेश कस्वां ने बताया कि हादसे में कंटेनर चालक परमराज निवासी भीलवाड़ा और ट्रक चालक हंसराज निवासी जांगड़ू(बीकानेर) की जलने से मौत हो गई।


