बूंदी को 3 नई 108 एम्बुलेंस मिलने से अब दुर्गम क्षेत्र के ग्रामीणों को भी एम्बुलेंस की सुविधा सुलभ होगी। जिले के इंदरगढ़, देहीखेड़ा व खटखड़ में 108 एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत हुई है। यहां लंबे समय से एम्बुलेंस का इंतजार था। लाखेरी व केशोरायपाटन उपखंड के तीन अस्पतालों मे 108 एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत हुई है। इन जगहों पर लंबे समय से एम्बुलेंस सेवा की मांग की जा रही थी। क्षेत्र के इंदरगढ़, देईखेड़ा व खटखड़ अस्पताल में मंगलवार से 108 एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत हो गई। तीनों जगह एम्बुलेंस नहीं होने से दुर्घटना और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में काफी समय लगता था। हाईवे व दुर्गम क्षेत्र के लोगों को मिलेगी राहत
108 एम्बुलेंस सेवा शुरू होने से इंदरगढ़ क्षेत्र में करवर और मेगा हाईवे पर सवाई माधोपुर सीमा सहित कमलेशवर मार्ग के गांवों के ग्रामीणों को एम्बुलेंस सेवा का लाभ मिलेगा। यह एरिया अस्पताल से काफी दूरी पर होने के चलते हादसों के दौरान घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने में पुलिस को बड़ी मशक्कत करनी पड़ती थी। इसी तरह लाखेरी बूंदी मार्ग के बीच में एम्बुलेंस सेवा नहीं होने से भी परेशानी थी। खटकड़ में एम्बुलेंस सेवा शुरू होने से स्टेट हाईवे और इसके आसपास के गांवों के लोगो को राहत मिलेगी। देईखेड़ा में शुरू हुई एम्बुलेंस सेवा के कारण लाखेरी की एम्बुलेंस पर भार कम होगा और लालसोट-कोटा मेगा हाईवे पूरी तरह से 108 एम्बुलेंस के दायरे में आ जाएगा। इसका सबसे अधिक फायदा हादसे के दौरान घायलों को मिलेगा। बूंदी सीएमएचओ ओपी सामर ने बताया कि तीन 108 एम्बुलेंस के प्रस्ताव भेजे थे। देईखेड़ा, इंदरगढ़ व खटखड़ में यह सेवा शुरू हुई है। हादसो के दौरान यह सेवा काफी कारगर रहेगी। कंटेंट: ओमपाल सिंह


