फलोदी में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विक्रम गोदारा और उसके साथी अनिल टाक को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो कैंपर भी जब्त की गई है। घटना 10 फरवरी की है, जब रात करीब 11:15 बजे विक्रम गोदारा ने अपने साथियों के साथ भीकमकोर निवासी गोपीराम की क्रेटा कार और मोटरसाइकिल को बोलेरो कैंपर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपी ने तलवार लहराते हुए पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और खेत का गेट तोड़कर फरार हो गया। एसपी पूजा अवाना के निर्देशन में तीन टीमों का गठन किया गया। 15 फरवरी की रात को ग्राम मानेवड़ा में आरोपी की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की और लगभग 8 किलोमीटर का पीछा करने के बाद विक्रम गोदारा को पकड़ लिया। पूछताछ में उसके साथी अनिल टाक की संलिप्तता सामने आने पर उसे भी मथानिया से गिरफ्तार कर लिया गया। विक्रम गोदारा चामूं थाना क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है, जिसकी आपराधिक यात्रा 2014 में मारपीट के एक मामले से शुरू हुई। उसके खिलाफ जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर में हत्या का प्रयास, लूट, वाहन चोरी, अपहरण, आर्म्स एक्ट, आईटी एक्ट, पोक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट सहित 28 गंभीर मामले दर्ज हैं। उसका साथी अनिल टाक भी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिस पर मथानिया थाने में मारपीट समेत 4 मामले दर्ज हैं।


