हरदा का एक किसान हनीट्रैप का शिकार हो गया। लड़की ने उसे धार मिलने बुलाया और बंधक बनाकर 12 लाख रुपए की डिमांड कर दी। किसान की पत्नी को कॉल गया तो उसने अपने मुंहबोले भाई को कॉल कर कहा कि वह पति को इस मुसीबत से बाहर निकाले। मुंहबोला भाई जीजा को छुड़ाने आरोपियों के पास पहुंच गया। यहां उसे भी बंधक बना लिया गया। 28 घंटे तक बंधक रखकर दोनों के साथ हॉकी और डंडे से मारपीट भी की गई। परिवार की सूचना पर पुलिस ने दोनों को छुड़ाया। यहां तक तो हनीट्रैप की यह कहानी साफ नजर आ रही थी, लेकिन जब पुलिस की पड़ताल शुरू हुई तो पूरी स्टोरी ही फिल्म कहानी की तरह उलट गई। पत्नी ने जिस मुंहबोले भाई को मदद के लिए भेजा था, हकीकत में वही, इस पूरे कांड का मास्टरमाइंड निकला। पूरी कहानी रियल लगे, इसीलिए उसी के कहने पर आरोपियों ने किसान के साथ उसकी भी पिटाई की थी। पुलिस ने किसान के साले राजेंद्र सिंह को भी आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक 6 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। एक महिला अभी फरार है। किसान के साले का नाम सामने आने के बाद दैनिक भास्कर ने पुलिस से बात कर पूरे घटनाक्रम को समझा तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ… सबसे पहले जानिए पीड़ित किसान ने जो पुलिस क्या बताया…? पीड़ित किसान कपिल ने पुलिस को बताया कि वह हरदा के भुन्नास गांव का करने वाला है। धार की कीर्ति शर्मा से तीन महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए जान-पहचान हुई थी। कीर्ति ने उसे बताया था कि वह इंदौर में रहती है। कई बार उसने मिलने के लिए इंदौर आने को कहा, लेकिन मैंने मना कर दिया। करीब एक महीने पहले उसने बताया कि धार में उसकी मौसी की बेटी की शादी है, वहां मिलने आ जाओ। उसके जिद करने पर 11 फरवरी को सुबह करीब 10 बजे बस से इंदौर पहुंचा, यहां से बस से धार आया। कीर्ति को कॉल कर बताया कि धार में घोटा चौपाटी पर खड़ा हूं। रिक्शे वाले से किर्ती के बताए पते इंद्रपुरी कॉलोनी में छोड़ दिया। यहां दो शटर वाले एक मकान से कीर्ति बाहर आई और मुझे भीतर ले गई।शाम के करीब सवा 7 बजे रहे थे। थोड़ी देर बात करने के बाद कीर्ति से शादी में चलने को कहा। कीर्ति ने कहा- थोड़ी देर में चलते हैं। इसी दौरान अचानक से 2 महिला और तीन पुरुष कमरे में आ गए। उन्होंने आते ही कहा- तू हमारी लड़की के साथ गलत काम कर रहा था। पीड़ित बोला- चीख बाहर न जाए, इसलिए टीवी का वॉल्यूम बढ़ाया पीड़ित किसान कपिल जाट ने बताया कि मैंने उनसे कहा- कीर्ति ने शादी का निमंत्रण दिया था, उसी में शामिल होने आया हूं। मैंने कोई गलत काम नहीं किया है। उन्होंने मेरी एक नहीं सुनी और मुझे बंधक बना लिया। इनमें से एक ने अपना नाम शुभदीप बताया और कहा- मैं कीर्ति का पति हूं। मैंने कहा- कीर्ति ने कभी नहीं बताया कि वह शादीशुदा है। उसने मुझे पीटना शुरू कर दिया। मेरी चीख बाहर नहीं जाए, इसलिए टीवी में तेज आवाज में गाने चला दिए। शुभदीप के साथ कीर्ति की सहेली सोनू, उसका पति अनिल, सोनू का भाई आकाश और मां राजू बाई ने भी गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। खूब पीटने के बाद उन्होंने 12 लाख रुपए की मांग की। कीर्ति ने कहा- रुपए नहीं मिले तो तुझे रेप केस में अंदर करवा दूंगी। मैंने कहा- चाहो तो मुझे थाने ले चलो। यह सुनते ही अनिल डंडे से पीटने लगा और शुभदीप वीडियो बनाने लगा। सोनू ने मेरे मोबाइल से मेरी पत्नी शीतल को कॉल कर दिया। उसने कहा- तेरा पति हमारे कब्जे में है, 12 लाख रुपए भिजवा दे, नहीं तो जान से मार देंगे। कहा था- 12 लाख रुपए दे नहीं तो जेल जाने को तैयार हो रह कपिल ने कहा- थोड़ी देर बाद मेरे मोबाइल पर कानवन निवासी मेरे मुंहबोले साले राजेंद्र सिंह चौहान का कॉल आया। सोनू ने फोन उठाया। राजेंद्र ने पूछा- मेरे जीजाजी कहां हैं, तो सोनू ने कहा- धार में। रात करीब 9 बजे राजेंद्र ने फोन किया। आकाश राजेंद्र को घर ले आया। उन्होंने राजेंद्र को धमकाया कि 12 लाख की व्यवस्था नहीं की तो तुझे और तेरे जीजा को रेप केस में फंसाएंगे। रातभर और अगले दिन भी दिनभर मारपीट की। हम दोनों के मोबाइल लेकर पत्नी-पिता और अन्य रिश्तेदारों को कॉल किया। पुलिस मौके पर पहुंची तो मुंहबोला राजेंद्र सिंह भी बंधक मिला टीआई समीर पाटीदार ने बताया कि साले राजेंद्र सिंह के परिचित अखिलेश ने हमें सूचना दी थी कि दो लोगों को बंधक बनाकर रुपए मांगे जा रहे हैं। सूचना पर एक टीम धार के इंद्रपुरी कॉलोनी स्थित संजय परमार के घर पहुंची। परमार ने यह घर अनिल को किराए पर दे रखा था। दरवाजा भीतर से बंद था। खटखटाने पर एक महिला आई। दरवाजा खोलने को कहा तो वह टालने लगी। आखिरकार उसे गेट खोलना पड़ा। महिला से पीड़ित कपिल के बारे में पूछते ही वह घबरा गई। पुलिस भीतर घुसी और तलाशी ली तो पीछे वाले कमरे में 3 पुरुष और 1 महिला पलंग पर बैठे मिले। दो लोग हाथ जोड़े जमीन पर बैठे हुए थे। वे काफी डरे हुए थे। पुलिस को देखकर पलंग पर बैठे सभी लोग भागने लगे। पुलिस ने यहां से कपिल जाट और राजेंद्र पिता बलवंत सिंह चौहान (26) निवासी ग्राम कानवन (धार) को छुड़ा लिया। कपिल ने पुलिस को बताया कि राजेंद्र उसकी पत्नी का मुंहबोला भाई है। पत्नी के बताने पर मदद के लिए आया था। आरोपियों ने उसे भी बंधक बना लिया। कीर्ति के पति अनिल को पहले से जानता था राजेंद्र सिंह धार में रहते हुए अनिल और राजेंद्र की दोस्ती हुई थी। इनके बीच अच्छी बातचीत हुआ करती थी। अनिल और उसकी पत्नी किस तरह के हैं, राजेंद्र को यह पता था। वह एक साथ लाखों रुपए कमाना चाहता था। कपिल की पत्नी उसे भाई मानती थी, वह उस पर बहुत भरोसा करती थी। राजेंद्र इसी का फायदा उठाना चाह रहा था। उसने अनिल और सोनू से कपिल को हनीट्रैप में फंसाने का प्लान बनाया। कपिल की सोशल मीडिया आईडी सोनू की दी। कई बार कोशिश के बाद भी बात जम नहीं पाई। सोनू ने अपनी सहेली कीर्ति और उसके पति को प्लान में शामिल किया। राजेंद्र के कहने पर कीर्ति ने सोशल मीडिया पर कपिल को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। कपिल ने रिस्पॉन्स किया तो फोन पर बातचीत शुरू हो गई। उनका प्लान था कि कपिल को इंदौर बुलाकर रुपए ऐंठे, लेकिन सफल नहीं हुए। राजेंद्र के कहने पर धार में बुआ की बेटी की झूठी शादी की बात कीर्ति ने कही और उसे धार बुलाया। कपिल के हामी भरने पर सभी एक्टिव हो गए। राजेंद्र को पता था- बहन उसे ही मदद के लिए कॉल करेगी कपिल कीर्ति से मिलने इंदौर रवाना हुआ तो इसकी सूचना राजेंद्र तक पहुंच गई। पल-पल की जानकारी राजेंद्र को आरोपी देते रहे। कपिल को बंधक बनाने के बाद कीर्ति ने उसकी पत्नी को कॉल किया। राजेंद्र का तीर एकदम निशाने पर तब लगा, जब कपिल की पत्नी का कॉल राजेंद्र के पास आया। उसने बताया कि धार में किसी ने कपिल को बंधक बना लिया है, वे 12 लाख रुपए मांग रहे हैं। राजेंद्र ने भरोसा दिलाया कि कपिल को कुछ नहीं होगा। मैं उनसे जाकर बात करता हूं, तुम रुपयों की व्यवस्था करके रखो। वह सीधे धार पहुंचा। यहां अनिल का साला आकाश उसे लेने आया। प्लान अनुसार उसने बहन को कॉल कर कहा- जीजा सुरक्षित हैं, पर इन्हें रुपए देने होंगे। रुपए आसानी ने मिल सकें, इसलिए खुद को भी बंधक बनवा लिया। कीर्ति ने कपिल की पत्नी को वीडियो कॉल किया और दिखाया कि वे दोनों को बांधकर हॉकी और डंडे से पीट रहे हैं। राजेंद्र सिंह के परिचित अखिलेश ने बिगाड़ दिया सारा खेल रुपए जल्दी पाने के लालच में आरोपियों ने और रिश्तेदारों को कॉल कर दिया। इसकी जानकारी राजेंद्र के परिचित अखिलेश को लगी। उसने पुलिस को कॉल कर दिया। लोकेशन के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और राजेंद्र का पूरा खेल बिगड़ गया। मामले में पुलिस ने राजेंद्र सिंह चौहान, कीर्ति शर्मा, शुभदीप, अनिल सोनी, साेनू, आकाश को गिरफ्तार किया है। सोनू की मां राजू बाई फरार है। इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें- किसान को हनीट्रैप में फंसाकर 12 लाख मांगे
धार में हनीट्रैप का मामला सामने आया है। आरोपियों ने एक किसान को धार बुलाकर 28 घंटे तक बंधक बनाए रखा। रेप केस में फंसाने की धमकी देकर उससे 12 लाख रुपए मांगे। उसके और साले के साथ हाॅकी और डंडे से मारपीट की। परिवार की सूचना पर पुलिस ने बुधवार देर रात दाेनों को छुड़ाया। पढ़ें पूरी खबर…


