भास्कर न्यूज | गुमला अब जिले के स्कूली बच्चे जॉब के लिए पहले से ही तैयार होंगे। सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) ने सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों में कौशल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल की है। बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे अपने विद्यार्थियों को स्किल मॉड्यूल्स से जोड़ें और हॉबी क्लब के माध्यम से उन्हें व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराएं। सीबीएसई की ओर से तैयार स्किल मॉड्यूल्स से बच्चों को रोजगारपरक बनाने में मदद मिलेगी। इसकी शिक्षा स्कूलों में हो बच्चों को दी जाएगी। स्कूल के हॉबी क्लब में छठी से 12वीं कक्षा तक के बच्चों के लिए विभिन्न स्किल मॉड्यूल्स इंट्रोड्यूस किए जाएंगे। इसमें बच्चे ट्रेवल एंड टूरिज्म, फोटोग्राफी, कोडिंग, हैंडिक्राफ्ट समेत 34 स्किल मॉड्यूल में से किसी को भी चुन सकते हैं। स्कूलों में कौशल आधारित शिक्षा के सफल कार्यान्वयन के लिए बोर्ड देश भर के सभी राज्यों के जिले में जिला कौशल समन्वयक की नियुक्ति करने की तैयारी में है। यह समन्वयक कौशल आधारित शिक्षा के लिए स्कूलों का मार्गदर्शन करेंगे।


