भास्कर न्यूज | बेमेतरा पंचायत चुनाव में सोमवार को बेमेतरा व नवागढ़ ब्लॉक क्षेत्र में मतदान होना है। इसमें जिले के पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सोमवार को सिटी कोतवाली बेमेतरा के पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में पुलिस बल को संबंधित केन्द्र के लिए रवाना किया गया। इस दौरान एसएसपी रामकृष्ण साहू ने पुलिसकर्मियों को फॉलिंग, ब्रीफिंग किया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव निष्पक्षता से सम्पन्न करने अपनी जवाबदारी व भूमिका का कुशल निर्वहन करे। आदर्श अचार संहिता का पालन करने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए सभी पुलिसकर्मी को विशेष ध्यान देने कहा। चुनाव प्रक्रिया की शुरूआत से लेकर समाप्ति तक सुरक्षा में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखा जाए।मतदान प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी व निष्पक्ष हो। चुनाव लोकतंत्र के मजबूती का प्रतीक है, इसके लिए सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे अपना कार्य निष्ठा व ईमानदारी से करें। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के लिए 42 पेट्रोलिंग पार्टी व मतदान केन्द्र में मतदान दल के साथ जिला पुलिस बल, नगर सेना और कोटवार के साथ लगभग 1106 लोगों की ड्यूटी लगाई गई है।


