भास्कर संवाददाता | सीकर सीकर संभाग व नीमकाथाना जिला बहाल करने की मांग को लेकर सीकर में 31 जनवरी से अभिभाषक संघ सीकर के बैनर तले कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर धरना व क्रमिक अनशन जारी है। इसी मांग को लेकर सोमवार को वकील काम नहीं करेंगे और मौन जुलूस निकालेंगे। अभिभाषक संघ के महासचिव नरेश कुमार भूकर ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा सीकर संभाग व नीमकाथाना जिले को निरस्त करने का फैसला किया गया। इसके बाद से अभिभाषक संघ लगातार अपना विरोध जता रहा है। संभाग व जिले को बहाल करने की मांग को लेकर 31 जनवरी से अभिभाषक संघ द्वारा क्रमिक अनशन धरना शुरू किया गया था। साथ ही निर्णय किया गया था कि हर महीने की एक और 16 तारीख को सभी कोर्ट में कार्य स्थगन किया जाएगा। इसके साथ ही शहर में मौन जुलूस भी निकाला जाएगा।


