गौतम नगर की घटना:युवक की गला दबाकर हत्या… कमरे में ताला लगाकर भाग निकला आरोपी

गौतम नगर इलाके में 30 साल के युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। युवक किराए के कमरे में अकेला रहता था। आरोपी कमरे में ताला डालकर भाग निकला। दो दिन तक नजर न आने पर साथियों ने युवक की तलाश की। उसके बाद कमरे का ताला तोड़ा तो अंदर शव मिला।
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। हत्या शव मिलने के 24 से 72 घंटे पहले हुई है। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि कृष्णा कॉलोनी में किराए के कमरे में रहने वाला सोनू गुप्ता (30) बर्तनों की पॉलिश का काम करता था। सोमवार से वह काम पर नहीं गया था। दो दिन बीतने के बाद दुकान मालिक और उसके साथियों को चिंता हुई। कॉल करने पर नंबर बंद आ रहा था। सोनू को खोजते हुए साथी उसके कमरे पर पहुंचे। यहां ताला डला हुआ था। अजीब बदबू आने पर ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए साथियों को सोनू का शव मिला।
अहमदाबाद में रहते हैं परिजन
पुलिस के मुताबिक सोनू भोपाल में अकेला रहता था। उसके परिजन अहमदाबाद में रहते हैं। सोनू की हत्या की खबर मिलते ही परिजन भोपाल आए। परिजनों ने अभी किसी पर शंका नहीं जताई है। परिजनों से पुलिस सोनू का पूरा बैकग्राउंड पता कर रही है। सोनू के करीबियों का पता लगाया जा रहा है। सोनू की शादी नहीं हुई थी। वह किसी लड़की के संपर्क में था या नहीं। इन सब बिंदुओं पर जांच की जा रही है। कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस : पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतक के मोबाइल नंबर की सीडीआर निकाली जा रही है। आखिरी बार उसकी किससे बात हुई। यह पता लगाया जा रहा है। संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *