मिसरोद में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। स्टोर से खरीदारी कर बाहर निकले परिवार को तेज रफ्तार बोलेरो चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौत हो गई। पत्नी और बच्चे घायल हैं। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक भाग निकला।
थाना प्रभारी मनीष राज सिंह भदौरिया ने बताया कि घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे हुई। बंगरसिया निवासी संजू किरार (42) परिवार को लेकर बेस्ट प्राइस स्टोर खरीदारी के लिए आए थे। सामान लेने के बाद वह परिवार सहित बाहर निकले और गाड़ी की तरफ बढ़े। इस बीच भोपाल से मंडीदीप की ओर जा रही तेज रफ्तार बोलेरो ने परिवार को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। यहां संजू की मौत हो गई। उनकी पत्नी और बच्चे की हालत में सुधार बताया गया है।
टहलने निकले थे बुजुर्ग, वाहन ने मारी टक्कर
खजूरी सड़क इलाके में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 70 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के समय वह घर से टहलने निकले थे। इस बीच लोडिंग वाहन टक्कर मारता हुआ निकल गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन ट्रेस कर रही है। थाना प्रभारी नीरज वर्मा ने बताया कि खजूरी सड़क निवासी काशीराम भार्गव (70) रोज की तरह शनिवार रात करीब 8 बजे घर से बाहर टहलने निकले थे। वह घर से कुछ दूर पहुंचे थे। इस बीच पीछे की तरफ से आए तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अब पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगा रही है।
टक्कर से मौलवी की मौत :
बैरसिया में पिकअप की टक्कर से मोहम्मद अली (30) की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि निशातपुरा निवासी मोहम्मद अली मौलवी थे।


