दो भाइयों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर:दोनों की मौत, घर से खेत पर जा रहे थे दोनों भाई, टक्कर मारने के बाद ड्राइवर वाहन लेकर भागा

डीग जिले के कुम्हेर थाना इलाके में देर रात एक अज्ञात वाहन ने दो भाइयों को टक्कर मार दी। घटना में दोनों सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों के शवों को देर रात ही कुम्हेर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। आज दोनों भाइयों के शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। दोनों भाई भरतपुर के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाई करते थे। वह कल रात पशुओं से फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर जा रहे थे। पूर्व सरपंच सुरेश निवासी बैलारा ने बताया की उनके गांव के रहने वाले पप्पू सिंह निवासी बैलारा के दो लड़के हर्ष सिंह (16) और बॉबी सिंह (14) फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर जा रहे थे। वह घर से करीब 8 बजे निकले। उनके खेत होम्स कैनाल के पास स्थित हैं। जैसे ही वह भरतपुर से डीग जाने वाले रोड़ पर पहुंचे तो, दोनों भाइयों को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना बाबुला गांव के पास हुई। टक्कर मारने के बाद वाहन फरार हो गया। रात करीब 9 बजकर 30 मिनट पर बाबुला गांव के कुछ लोग घटनास्थल से निकल रहे थे। उन्होंने सड़क पर हर्ष और बॉबी को पड़ा देखा। जिसके बाद उन्होंने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिन लोगों ने हर्ष और बॉबी को अस्पताल पहुंचाया वह उन्हें जानते थे। जिसके बाद उन्होंने हर्ष और बॉबी के पिता पप्पू सिंह को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद दोनों युवकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। देर रात ही दोनों के शवों को कुम्हेर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया। आज सुबह दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। हर्ष और बॉबी के पिता पप्पू सिंह खेतीवाड़ी करते हैं। पप्पू और उनकी पत्नी प्रज्ञा के दो ही बच्चे थे। जो कल रात हुई दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। हर्ष भरतपुर के सोनी एकेडमी स्कूल में 12वीं क्लास में पढ़ता था और बॉबी 10 वीं क्लास में पढ़ता था। फिलहाल कुम्हेर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची हुई है। दोनों भाइयों के शवों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। इनपुट- राहुल फौजदार, कुम्हेर, डीग

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *