भास्कर न्यूज |लुधियाना मंडी गोबिंदगढ़ से स्टील लेकर लुधियाना की ओर आ रहे ट्रक ड्राइवर को चार बदमाशों ने रास्ते में बंधक बना लिया। आरोपियों ने ड्राइवर को दवा सुंघाकर बेहोश किया, हाथ-पैर बांधकर ट्रक के केबिन में डाल दिया और करीब एक दिन तक उसे बंधक बनाकर रखा। इसके बाद अगली रात उसे सुनसान जगह पर ले जाकर छोड़ दिया। हालांकि वह ट्रक लेकर फरार हो गए। घटना 10 फरवरी रात की है। पीड़ित जसवंत सिंह ने पुलिस को बताया कि वह मंडी गोबिंदगढ़ से ट्रक में स्क्रैप लोड कर कंगनवाल इलाके की ओर जा रहा था। रास्ते में उसने एक ढाबे पर खाना खाया। खाना खाने के बाद जब वह ट्रक की ओर लौट रहा था, तभी चार बदमाश वहां पहुंचे। आरोपियों ने उसे कोई दवा सुंघाई, जिससे वह बेहोश हो गया। बदमाश उसके हाथ-पैर बांधकर उसे ट्रक के केबिन में डालकर पूरी रात ट्रक को शहर में घुमाते रहे। अगली सुबह उसकी आंखों पर काली पट्टी बांधकर उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया जहां पूरे दिन बंधक बनाकर रखा। रात होने पर बदमाश उसे बाइक पर बैठाकर ले गए। बाइक पर भी उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे और एक बदमाश ने उसके गले पर दातर रखी हुई थी। आरोपी उसे चंडीगढ़ रोड पर एक सुनसान खेत में ले गए और वहां खंभे से बांधकर फरार हो गए। पीड़ित ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह अपने हाथ खोल लिए। इसके बाद उसने आसपास के लोगों से मदद मांगी और 12 फरवरी को मंडी गोबिंदगढ़ पहुंचकर अपने मालिक राजू खान निवासी पटियाला को पूरी घटना की जानकारी दी। मालिक राजू खान की शिकायत पर थाना साहनेवाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।


