जीएसटी विभाग की मोबाइल विंग ने फर्म मां स्टील के प्रोपराइटर रोहित गुप्ता को गिरफ्तार किया है। बाड़ेवाल पिंक पार्क के नजदीक स्थित एक आवास पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई असिस्टेंट कमिश्नर मोबाइल विंग कुलबीर सिंह के दिशा-निर्देशों में की गई। मौके पर स्टेट टैक्स ऑफिसर और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी भी मौजूद रहे। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी से दस्तावेजों और लेन-देन के संबंध में पूछताछ की गई। विभागीय जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा बिना वास्तविक माल सप्लाई किए एचआर/सीआर कॉइल्स और स्ट्रिप्स के फर्जी बिल जारी किए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार करीब 50 करोड़ रुपये से अधिक की बोगस बिलिंग की गई और लगभग 9 करोड़ रुपये से अधिक का इनपुट टैक्स क्रेडिट विभिन्न लाभार्थियों को पास किया गया। बताया गया है कि विभाग द्वारा आरोपी को पहले भी कई बार सम्मन जारी किए गए थे, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। गिल रोड स्थित कार्यालय पर निरीक्षण के दौरान भी वह उपलब्ध नहीं मिला। पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के दौरान कोल्ड रोल्ड (सीआर) शीट्स की अधिक बिलिंग का मामला सामने आया, जिनके बिल मुख्य रूप से साइकिल पार्ट्स और स्पेयर पार्ट्स निर्माताओं के नाम पर जारी किए जाते थे।


