लुधियाना| ड्यूटी पर जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा शुक्रवार सुबह ढोलेवाल चौक के पास हुआ है। जहां रैपिडो बाइक पर सवार महिला अचानक फिसलकर सड़क पर गिर गई, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार 16 टायरी ट्रॉले ने उसे कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान सुमन जैन (54) निवासी जैन कॉलोनी, डाबा रोड के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। परिजनों के अनुसार, सुमन जैन रोज की तरह सुबह काम पर जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक कर निकली थीं। ढोलेवाल चौक के पास अचानक बाइक संतुलन खो बैठी और दोनों सड़क पर गिर पड़े। दुर्भाग्यवश सुमन जैन ट्रॉले के पिछले टायरों की ओर जा गिरीं और चालक के संभलने से पहले ही भारी वाहन उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। जांच अधिकारी रणबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रॉला चालक और रैपिडो बाइक चालक को हिरासत में ले लिया है। सुमन जैन के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। उनके पति राकेश जैन भी उसी कंपनी में मार्केटिंग हेड हैं।


