लुधियाना| शेरपुर इलाके में 100 फुटा रोड स्थित कूड़ा डंप पर ड्यूटी कर रहे सफाई सेवक और उसके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद सिर्फ इस बात पर शुरू हुआ कि सफाई कर्मी ने कुछ लोगों को डंप के बाहर कूड़ा फेंकने से रोक दिया। पीड़ित बिंदर सिंह पुत्र बिट्टू सिंह ने बताया कि वह 100 फुटा रोड के कूड़ा डंप पर सफाई सेवक के तौर पर काम करता है। 10 फरवरी सुबह करीब 6 बजे सागर और कृष्णा रेहड़े पर कूड़ा लेकर आए और डंप के बाहर ही फेंकने लगे। बिंदर ने उन्हें नियम के अनुसार अंदर कूड़ा डालने को कहा तो दोनों भड़क गए। आरोप है कि थोड़ी देर बाद सागर अपने साथ टिंकू, रामवीर और कमलेश रानी को लेकर पहुंचा। आते ही सभी ने बिंदर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लोहे की रॉड, हॉकी और बेसबॉल बैट से वार किए। जान बचाने के लिए बिंदर डंप के अंदर भागा, लेकिन आरोपी वहां घुसकर भी उसे पीटते रहे। बीच-बचाव करने आई पत्नी मीनाक्षी, बहन वाशु और पिता बिट्टू सिंह के साथ भी मारपीट की गई। जाते समय आरोपियों ने बिंदर के दो मोबाइल फोन तोड़ दिए और जान से मारने की धमकी दी। घायलों का इलाज सिविल अस्पताल में करवाया गया। मेडिकल रिपोर्ट (MLR) में बिंदर के शरीर पर चोटों की पुष्टि हुई है। मोती नगर थाना पुलिस ने जांच के बाद आरोपी रामवीर, राकेश, सागर, कृष्णा और कमलेश रानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 126(2), 351(2), 324(4), 191(3) और 190 के तहत मामला दर्ज किया है। एएसआई विजय कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।


