लुधियाना| नशे की सप्लाई करने जा रहे दो आरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर बड़ी खेप बरामद की है। पहले आरोपी से 1 किलो 500 ग्राम अफीम और दूसरे से 7 किलो 600 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए हैं। सदर थाना के सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी गश्त के दौरान धांधरा रोड पर मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध हालत में पैदल आता दिखाई दिया। शक के आधार पर तलाशी लेने पर उसके पास से 1 किलो 500 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान हैबोवाल कलां निवासी सतप्रीत सिंह सोनी पुत्र अवतार सिंह के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि वह अफीम की खेप सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है कि नशा कहां से लाया गया और किसे पहुंचाया जाना था। दूसरे मामले में पुलिस टीम सुआ रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक कच्चे रास्ते से आता दिखा। पुलिस को देखकर वह वापस मुड़ने लगा। संदेह होने पर उसे रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से 7 किलो 600 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी की पहचान गांव साहिजाद निवासी कुलविंदर सिंह उर्फ विक्की के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है। पुलिस दोनों मामलों में नशा सप्लाई नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद और बड़े खुलासे हो सकते हैं।


