श्रीमद् भागवत महापुराण कथा की पूर्णाहुति और भंडारा आज

भास्कर न्यूज | देवरघटा जिला सक्ती के ग्राम कानाकोट में इन दिनों धर्म और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। आरकेएम रोड स्थित गबेल स्टेडियम में आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का समापन शुक्रवार को भावपूर्ण वातावरण में होने जा रहा है। पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तिमय गीतों और जयघोष से यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूबा रहा। आयोजन स्थल को आकर्षक सजावट, आध्यात्मिक झांकियों और मनोहारी प्रकाश व्यवस्था से विशेष रूप से सजाया गया था। ज्ञान यज्ञ की व्यास पीठ पर कथावाचक पं. मनोज शर्मा विराजमान रहे। उनके मधुर वचनों से श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, गोपी प्रेम, भक्त प्रह्लाद, ध्रुव चरित्र और भागवत महात्म्य जैसे कई प्रेरक प्रसंग सुने। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से प्रभु इच्छा तक चलती रही, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित होते रहे। जो लोग कथा स्थल तक नहीं पहुंच सके, उनके लिए पं. मनोज शर्मा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘भागवत सुधा मनोज शर्मा’ पर कथा का सीधा प्रसारण किया गया, जिससे घर बैठे ही श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ प्राप्त किया। कथा के दौरान संगीतमय प्रस्तुति और सजीव झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविह्वल कर दिया। आयोजन समिति ने बताया कि 14 फरवरी को तुलसी वर्षा, हवन पूर्णाहुति, सहस्त्रधारा और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *