कैंसर के इलाज में टाटा ट्रस्ट करेगा झारखंड की मदद

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने झारखंड में कैंसर के इलाज को लेकर टाटा ट्रस्ट के सीईओ सिद्धार्थ शर्मा के साथ मुंबई में बैठक की। दोनों के बीच राज्य में कैंसर के उपचार की वर्तमान स्थिति, सस्ता और बेहतर इलाज के विकास, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। किशोर ने कहा कि हमारा लक्ष्य झारखंड में कैंसर की देखभाल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है, ताकि मरीजों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े। सरकार इस दिशा में मेडिकल साइक्लोट्रॉन स्थापित करने पर काम कर सकती है, जिससे पीईटी-सीटी सेंटरों को आवश्यक आपूर्ति मिलेगी। कैंसर के इलाज की लागत भी घटेगी। बैठक के दौरान सिद्धार्थ शर्मा ने भी झारखंड में कैंसर के देखभाल को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि रांची कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के सतत विकास की प्रक्रिया बनाए रखने के लिए सीजीएसएच दरों में 10% की वृद्धि जरूरी है। उन्होंने कैंसर के प्रभावी उपचार के लिए शुरुआती जांच और स्क्रीनिंग के महत्व पर जोर दिया। जिसके तहत टाटा ट्रस्ट पहले से ही सरायकेला, रांची और खूंटी में सक्रिय रूप से काम कर रहा है। झारखंड के सभी 24 जिलो में शुरुआती जांच और स्क्रीनिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि झारखंड के हर जिले में इस पहल का विस्तार करने के लिए निजी कंपनियों को अपने सीएसआर के तहत आगे आना चाहिए। वित्त मंत्री किशोर ने कहा कि उनके सुझावों से वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को अवगत कराएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *