भास्कर न्यूज | धमतरी त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में मतदाताओं की खूब खातिरदारी हुई। केन्द्रों के आसपास मतदाताओं को लुभाने प्रत्याशियों की ओर से पंडाल लगाकर चाय, नाश्ता, बड़ा-भजिया की व्यवस्था की थी। वोट डालने जाते और वापस आने पर उनकी खूब खातिरदारी हुई। गंगरेल में खुलेआम शराब भी परोसने की शिकायत प्रशासन तक पहुंची। जिले में कुल 367 ग्राम पंचायतों में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव होगा। पहले चरण में 17 फरवरी को धमतरी और मगरलोड क्षेत्र में चुनाव हुआ, जिसे लेकर गांवों में गहमा-गहमी का माहौल रहा। भास्कर की टीम सोमवार को मरादेव, गंगरेल, सोरम, भटगांव, रत्नाबांधा, अर्जुनी गांव का दौरा किया। सुबह 9.30 बजे मरादेव में केन्द्र के बाहर बड़ी संख्या में महिला मतदाता अपनी बारी का इंतजार करते बैठी थी। 100 मीटर के दायरे में प्रत्याशी और उनके कार्यकर्ता मतदान केन्द्र तक पहुंचने वाले मतदाताओं को लुभाते रहे। गंगरेल में सरपंच पद के लिए 9 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। स्कूल के पहले 3 प्रत्याशियों का पंडाल लगा था। बाकायदा पंडालों में मतदाता पर्ची बनाने वाले कार्यकर्ता के साथ बड़ा-भजिया का स्टाल भी सजा था। एक पंडाल में मिक्चर का पैकेट था। बार-बार बूथ तक पहुंचते रहे प्रत्याशी सोरम में सरपंच के लिए 3 प्रत्याशी चुनाव मैदान थे। जगन निषाद, प्रदीप साहू और श्याम सुंदर के बीच त्रिकोणीय मुकाबला था। जनपद सदस्य के लिए अनुपमा साहू और पार्वती मोहित के बीच सीधा मुकाबला था। स्कूल परिसर को यहां मतदान केन्द्र बनाया था। मतदाताओं को धूप का अहसास न हो, इसके लिए परिसर को पंडाल लगाकर कवर किया था। मतदाताओं की लंबी कतार थी। बुजुर्ग मतदाताओं को स्वयंसेवियों की सहायता से मतदान कराने लाते गए। इस केन्द्र के बाहर बार-बार नोंक-झोंक की स्थिति बनती रही। पुलिस जवान हर बार समझाइश देकर 100 मीटर के दायरे से बाहर जाने कहा। भटगांव में 2 घं टे तक करते रहे इंतजार: भटगांव में मतदान के लिए 2 स्कूलों में 4 केन्द्र बनाए थे। करीब 3600 मतदाताओं वाले इस गांव में सरपंच के लिए 6 प्रत्याशी मोहित देवांगन, मोहित साहू, चमेली साहू, चंद्रिका सिन्हा, फागूराम साहू व पूनम पांडेय चुनाव मैदान में है। महिला मतदाता चैती बाई, टिकेश्वरी देवांगन ने बताया कि मतदान के लिए सुबह 9 बजे से आई है, लेकिन लाइन इतनी लंबी कि 2 घंटे बाद भी उनका नंबर नहीं आया था। अर्जुनी के मतदान केन्द्र में दिनभर चाय-पानी का दौर चलता रहा। बूथ क्रमांक-124,125 और 126 में जो भी मतदान करने मतदाता आते थे, तो एक युवक चाय लेकर पहुंच जाता था।


