बाइक नहीं देने पर गुस्साए चाचा ने अपने भतीजे पर जानलेवा हमला कर दिया। कुल्हाड़ी उठाकर चेहरे पर मार दी। कुल्हाड़ी सीधा दाहिनी आंख के पास लगी। भतीजा वहीं खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। परिजन उन्हें लेकर इलाज के लिए बांसवाड़ा के MG हॉस्पिटल ले गए। जहां से उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया है। मामला बांसवाड़ा के सदर थाना इलाके के चोबीसों का पाड़ला गांव का शनिवार रात का है। घटना को लेकर सदर थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। घायल युवक का नाम राकेश गरासिया है। उसके चाचा ने देर रात उपस्पर बाइक न देने से नाराज होकर हमला कर दिया। बाइक न देने पर उपजा विवाद राकेश की पत्नी ने बताया- मेरे पति अपने घर पर ही थे। इसी दौरान उनके चाचा घर आए और कहीं जाने के लिए राकेश से बाइक मांगी। राकेश ने किसी कारणवश बाइक देने से मना कर दिया। मना सुनते ही चाचा आगबबूला हो गया और घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर राकेश पर वार कर दिया। कुल्हाड़ी राकेश की आंख के ठीक पास लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल, रात में ही किया रेफर चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायल राकेश को पहले तलवाड़ा के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे महात्मा गांधी (MG) अस्पताल रेफर कर दिया गया। एमजी अस्पताल के डॉक्टरों ने घाव गहरा और स्थिति नाजुक देखते हुए शनिवार रात को ही उसे बेहतर उपचार के लिए उदयपुर भेज दिया।


