जिला अस्पताल को 73.50 लाख के अत्याधुनिक उपकरण मिलेंगे:एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन से जटिल ऑपरेशन और जांचें होंगी तेज

बारां जिला अस्पताल के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अत्याधुनिक उपकरण खरीदेगा। विभाग ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिस पर लगभग 73.50 लाख रुपए खर्च होंगे। इन उपकरणों में ब्लड बैंक के लिए 12 लाख रुपए की लागत से 600 बैग क्षमता वाला ब्लड स्टोरेज फ्रीज शामिल है। इससे रक्त और रक्त घटकों को अधिक समय तक सुरक्षित रखा जा सकेगा। वर्तमान में कम स्टोरेज क्षमता के कारण कई बार रक्त अन्य ब्लड बैंकों में भेजना पड़ता था। जांच सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 36 लाख रुपए की फुल ऑटोमेटिक एलाइजा रीडर मशीन विद वॉशर खरीदी जाएगी। यह मशीन हेपेटाइटिस, एचआईवी, डेंगू सहित अन्य संक्रामक बीमारियों की जांच तेजी और सटीकता से करेगी, जिससे मरीजों को जल्द रिपोर्ट और उपचार मिल सकेगा। ऑपरेशन थिएटर के लिए 26.50 लाख रुपए की लागत से एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन खरीदा जाएगा। इसमें वेंटिलेटर, मल्टी पैरामीटर मॉनिटर और आइसोपलूरेन व सीवोफ्लूरेन वेपोराइजर शामिल होंगे। जिला अस्पताल के अडानी विंग स्थित ऑपरेशन थिएटर में वर्तमान में एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन उपलब्ध नहीं है, जिसकी मांग लंबे समय से की जा रही थी। डॉक्टरों के अनुसार, नाक-कान-गला, पथरी, पेट और स्पाइनल जैसी कई जटिल सर्जरी में मरीज को पूरी तरह बेहोश करना आवश्यक होता है। इस उपकरण के अभाव में ऐसे मरीजों को कोटा रेफर करना पड़ता था। नए उपकरण से अब ये ऑपरेशन यहीं हो सकेंगे। हर माह होते थे 30-40 मरीज रेफर
पुराने विंग के ऑपरेशन थिएटर में हर माह आर्थोपेडिक, ईएनटी और सामान्य सर्जरी से जुड़े करीब 120 से 150 ऑपरेशन किए जाते हैं, लेकिन उपकरणों की कमी के कारण हर माह 30 से 40 मरीजों को रेफर करना मजबूरी बन गया था। इसको लेकर दैनिक भास्कर ने भी प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए थे। इसके बाद हरकत में आए विभाग की ओर से उपकरणों की खरीद शुरु की है। अब इन आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता से जिला अस्पताल में ही जटिल सर्जरी संभव हो सकेगी। जिला अस्पताल पीएमओ डॉ. नरेंद्र मेघवाल ने बताया कि जिला अस्पताल के लिए एनीस्थिसिया वर्कस्टेशन तथा ब्लड स्टोरेज के लिए रेफ्रिजरेटर, फुली ऑटोमेटिक एलाइजा रीडर मशीन आदि उपकरणों की खरीद की जाएगी। इसको लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से टेंडर किए गए है। आधुनिक एनीस्थिसिया वर्कस्टेशन मिलने से यहां जटिल ऑपरेशन भी किए जा सकेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *