बांसवाड़ा के गढ़ी थाना क्षेत्र में रविवार की दोपहर एक निर्माणाधीन पाउडर फैक्ट्री में हादसा हो गया। काम करते समय ऊंचाई से गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा कोहाला घाटी गांव में दोपहर 3 बजे हुआ। मृतक की पहचान सलीम खान निवासी परबतसर के रूप में हुई है। काम करते समय ऊंचाई से गिरा
जानकारी के अनुसार, सलीम खान फैक्ट्री में निर्माण कार्य कर रहा था, तभी अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर गया। गिरते ही उसके सिर पर गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ हो गया। मौके पर मौजूद अन्य मजदूर और साथी उसे तुरंत निजी वाहन से लेकर दोपहर करीब 3 बजे महात्मा गांधी (MG) हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर गढ़ी थाना पुलिस हॉस्पिटल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। परिजनों के आने पर होगा पोस्टमॉर्टम
गढ़ी थाने के एसआई प्रकाशचंद्र ने बताया की सूचना मिली है कि निर्माणाधीन फैक्ट्री में काम के दौरान गिरने से मजदूर की मौत हुई है। शव को मॉर्च्युरी में शिफ्ट कर दिया गया है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है, उनकी रिपोर्ट और मौजूदगी के आधार पर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई कर शव सुपुर्द किया जाएगा।


