दतिया में भांडेर थाना क्षेत्र में रविवार शाम आपसी रंजिश एक बार फिर हिंसक रूप में सामने आ गई। सिंघपुरा पुल के पास बदमाशों ने एक पिकअप वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस वारदात में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन दो गोलियां पिकअप वाहन के ड्राइवर साइड गेट में जा धंसीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पिकअप ड्राइवर सत्यम यादव पिता अवधेश यादव निवासी ग्राम गोदन ने बताया कि उत्तर प्रदेश के गांव छीरोना निवासी दिनेश श्रीवास्तव ने गोदन गांव से भैंसें खरीदी थीं। जिन्हें वह पिकअप वाहन से छोड़ने जा रहा था। रास्ते में गांव के ही आजाद सिंह, सचिन यादव, नेंस यादव, मोनू यादव और सोनू यादव ने उसका पीछा किया। फायरिंग कर भाग गए आरोपी
जब ड्राइवर ने वाहन नहीं रोका, तो आरोपियों ने सिंघपुरा पुल के पास फायरिंग शुरू कर दी। सत्यम यादव ने किसी तरह जान बचाते हुए वाहन को मौके से भगाया और सीधे भांडेर थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। फायरिंग के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सत्यम यादव ने पुलिस को बताया कि यह हमला सितंबर 2025 में गांव में हुए नरेंद्र यादव हत्याकांड से जुड़ा हो सकता है। उस मामले में वह आरोपी था और फिलहाल जमानत पर बाहर है। फायरिंग करने वाले आरोपी मृतक नरेंद्र यादव के पक्ष के बताए जा रहे हैं। भांडेर थाना प्रभारी कोमल परिहार ने बताया कि पिकअप वाहन पर फायरिंग की सूचना मिली है। मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। वाहन पर गोली लगने के निशान मिले हैं। आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जांच जारी है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।


