महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी ‘अखिल भारतीय घोष दिवस’ उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने शहर में भव्य घोष संचलन निकाला, जो आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम की शुरुआत शहर की सब्जी मंडी स्थित स्वर्णकार धर्मशाला से हुई, जहां बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एकत्र हुए। इसके बाद घोष वादन के साथ संचलन शुरू हुआ। स्वयंसेवकों ने कदम से कदम मिलाकर अनुशासित ढंग से मार्च किया। प्रमुख मार्गों से गुजरा संचलन घोष संचलन स्वर्णकार धर्मशाला से शुरू होकर फ्रूट मंडी चौराहा, फव्वारा चौक, बारादरी, घंटाघर और पुस्तक बाजार से होते हुए भारत माता चौराहा पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। मार्ग में आने वाले मंदिरों के बाहर स्वयंसेवक कुछ समय के लिए रुके और विशेष घोष वादन किया। जगह-जगह हुआ स्वागत महाशिवरात्रि और घोष दिवस के इस संगम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे खड़े नजर आए। संचलन के दौरान नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन और उत्साह साफ झलक रहा था, जिससे शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल बना रहा।


