जयपुर पुलिस ने दो कार्टून में भरे मिले 42 सफेद कबूतरों को आजाद करवाया है। कबूतरों को दौड़-फाइट के लिए कार्टूनों में बंद कर मकराना ले जाया जा रहा था। विधायकपुरी थाना पुलिस ने मामले में तीन तस्करों को अरेस्ट किया है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। डीसीपी (साउथ) राजर्षिराज ने बताया- मामले में आरोपी सरफराज खान (20), मोहम्मद जुनैद (20) और मोहम्मद सोनू (22) निवासी मकराना नागौर को अरेस्ट किया है। जिनके कब्जे से दो कार्टून में भरे मिले 42 सफेद कबूतरों को आजाद करवाया गया है। शनिवार शाम मुखबिर से सूचना मिली कि एमआई रोड पर जमीदारा ट्रेवल्स के सामने तीन लड़के खड़े है। जिसके पास दो कार्टूनों है, जिसमें से तेज फड़फड़ाने की आवाज आ रही है। विधायकपुरी थाना पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों संदिग्धों को पकड़ कार्टून की तलाशी ली। तलाशी में दोनों कार्टून के अंदर ठूस-ठूस कर भरे 42 सफेद कबूतर मिले। पुलिस ने कबूतरों को आजाद करवाकर तीनों आरोपी तस्कर को धर-दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह कबूतरों की दौड़ और फाइट के लिए उन्हें मकराना लेकर जा रहे थे। वह उड़ नहीं सके इसलिए उनके फर काटे हुए है।


