जोधपुर में रिश्वतखोर बैंक मैनेजर ट्रैप हुआ तो तबीयत बिगड़ी:किसान से 4 लाख के लोन पर 5% मांग रहा था; 15 हजार लेते सीबीआई ने पकड़ा

सीबीआई ने बैंक मैनेजर को 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे-हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान मैनेजर की तबीयत बिगड़ गई। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाता गया जहां इलाज के बाद फिर से बैंक लाया गया। वह 4 लाख का लोन स्वीकृत कराने की एवज में 20 हजार रुपए की डिमांड कर रहा था। मामला जोधपुर की बापिणी तहसील के रायमलवाड़ा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा का है। सीबीआई के अनुसार, बैंक मैनेजर विवेक कच्छवाहा निवासी मंडोर नागौरी के खिलाफ ओसियां के थोब भाखरों की ढाणी निवासी ढलाराम मेघवाल पुत्र विशनाराम की ओर से 15 फरवरी को शिकायत दी गई थी। 4 लाख का लोन लेने गया था किसान 15 फरवरी को दी शिकायत में बताया कि वह किसान है और उसे खेतीबाड़ी के लिए 4 लाख रुपए की जरूरत थी। इस पर करीब डेढ़ महीने पहले वह अपने भाई खुशालाराम के साथ केसीसी लोन के लिए रायमलवाड़ा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा गया था। वहां मैंनेजर विवेक कच्छवाहा ने दोनों से लोन संबंधी कागजात ले लिए। 6 जनवरी 2025 को विशनाराम और उसका भाई खुशालाराम बैंक गए और मैनेजर से लोन के संबंध में बात की। विजिट के 2500 रुपए ले लिए शिकायत में बताया कि इसके अगले दिन (7 जनवरी) को मैनेजर विवेक ने विशनाराम के मोबाइल पर फोन किया और घर विजिट करने के लिए आने की बात कही। इसके बाद मैनेजर विशनाराम के घर पहुंचा और खेत देखने के बाद 2500 रुपए विजिट शुल्क के ले लिए। साथ ही कहा कि केसीसी लोन (किसान क्रेडिट कार्ड) तो कर दूंगा, लेकिन 5 प्रतिशत कमीशन के 20 हजार रुपए लूंगा। तब विशनाराम ने खुद की गरीबी का हवाला देते हुए काफी मिन्नतें की, लेकिन वो नहीं माने। इसके बाद 8 जनवरी को भी विशनाराम बैंक गया और 500 रुपए जमा करवाकर अकाउंट भी खुलवाया। 4 लाख पर 5% कमीशन मांगा शिकायत में बताया कि इसके कई दिनों बाद भी जब उसका केसीसी स्वीकृत नहीं हुआ। तब 13 फरवरी को वह अपने भाई के साथ दोपहर के समय बैंक पहुंचा। वहां शाखा प्रबंधक विवेक कच्छवाहा से मिलकर केसीसी लोन की बात कही। तब भी कच्छवाहा ने 5 प्रतिशत कमीशन देने का वादा करने को कहा। मजबूरी में परिवादी ने उसकी बात को मंजूर किया, तब कहीं जाकर कच्छवाहा ने फाइल पर हस्ताक्षर करवा कर एक-दो दिन में खाते में रुपए आने का भरोसा दिया। इसके बाद बैंक से बाहर आकर कच्छवाहा ने कहा कि मेरा हिसाब करो। तब भी परिवादी ने कहा कि अभी तो मेरे पास रुपए नहीं है। खाते में रुपए आएंगे, तब 20 हजार रुपए दे दूंगा। इसके बाद 15 फरवरी को फिर बैंक मैनेजर ने कॉल करके रुपए देने का दबाव बनाते हुए कहा कि 20 हजार रुपए देने की बात पक्की करो, तभी मैं तुम्हारे खाते में 4 लाख की लोन राशि डालूंगा। पकड़ा तो बिगड़ी मैनेजर की तबीयत सीबीआई सूत्रों के अनुसार, शिकायत का सत्यापन करने के दौरान भी रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर ट्रेप प्लान किया गया। इसके तहत सोमवार सुबह से ही सीबीआई की टीम ने रायमलवाड़ा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के आसपास डेरा डाल लिया। दोपहर करीब 2 के आसपास बैंक मैनेजर विवेक कच्छवाहा ने परिवादी से रिश्वत राशि के 15 हजार रुपए लिए, तो सीबीआई की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। इसी दौरान विवेक की तबीयत बिगड़ गई, तो टीम उसे सरकारी हॉस्पिटल ले गई और उपचार करवाकर वापस बैंक ले आई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *