जयपुर नगर निगम ग्रेटर की आयुक्त रूकमणी रियाड़ ने मंगलवार को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 और 12वें रीजनल थ्री-आर एंड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम इन एशिया-पैसिफिक की तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इनमें अतिरिक्त आयुक्त, मुख्यालय स्तर के अधीक्षण अभियंता और विभिन्न क्षेत्रों के उपायुक्त शामिल थे। आयुक्त ने फोरम की तैयारियों के लिए सभी अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कीं। उद्यान विभाग को सड़क किनारे लगे पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई और हैंगिंग प्लांट लगाने के निर्देश दिए गए। पशु प्रबंधन विभाग को निराश्रित पशुओं को हटाने का काम सौंपा गया। राजस्व विभाग को अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर हटाने के निर्देश मिले। सतर्कता विभाग को अस्थाई अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी दी गई। गैराज विभाग को मैकेनिकल और नाइट स्वीपिंग के साथ खुले कचरा डिपो को हटाने का काम दिया गया। एनयूएलएम विभाग को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए सीप लाख की चूड़ियां और अन्य उपयोगी सामान बनाने वालों की स्टॉल लगवाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निरंतर फील्ड में रहकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर को इतना स्वच्छ और सुंदर बनाया जाए कि फोरम में आने वाले मेहमानों को जयपुर एक आदर्श शहर के रूप में नजर आए।


