झारखंड के रामगढ़ जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। मांडू थाना क्षेत्र के मांडूडीह स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास प्रयागराज से झालदा (पश्चिम बंगाल) जा रही एक कार ने खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सदर अस्पताल रामगढ़ ले जाया गया है। घायलों में 55 वर्षीय उर्मिला देवी, 29 वर्षीय बिरसा महतो और 32 वर्षीय संदीप बदिया शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, सभी यात्री प्रयागराज महाकुंभ से लौट रहे थे। कार की तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। मांडू पुलिस ने बताया कि सड़क पर यातायात सामान्य है और कोई जाम की स्थिति नहीं है। मृतक महिलाओं की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


