नरियरा | विद्युत मंत्रालय के निर्देश पर 9 फरवरी से 23 फरवरी तक ‘स्मार्ट मीटर पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 फरवरी को नगर पंचायत नरियरा में जीनस कंपनी और विद्युत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में उपभोक्ता जागरूकता शिविर हुआ। कार्यक्रम में उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटरिंग तकनीक की कार्यप्रणाली, सटीक और मानवीय त्रुटि रहित बिलिंग प्रणाली तथा मोबाइल एप के माध्यम से तात्कालिक बिजली खपत की निगरानी जैसी सुविधाओं की जानकारी दी गई। कनिष्ठ यंत्री सुमित सोनी ने बताया कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ता के मोबाइल नंबर से लिंक किया जा सकता है और ‘मोर बिजली’ एप डाउनलोड कर उपभोक्ता कभी भी तात्कालिक रीडिंग और दैनिक खपत की जानकारी ले सकते हैं। इससे मीटर रीडर पर निर्भरता खत्म होती है और असामान्य खपत की स्थिति में तुरंत कारणों का पता लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इससे गलत बिजली बिल की समस्या का समाधान भी संभव है। कंपनी के प्रतिनिधि मनीष ताड्रे ने बताया कि पुराने मीटर को हटाकर नए स्मार्ट मीटर लगाने पर उपभोक्ताओं से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता। कार्यक्रम में 15 फीडबैक फॉर्म मिले। शिविर में विद्युत विभाग और जीनस कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में उपभोक्ता मौजूद रहे।


