नरियरा में ​हटेगा कब्जा, नोटिस के बाद अब की जाएगी सख्त कार्रवाई

भास्कर न्यूज | नरियरा नगर पंचायत नरियरा में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर पंचायत कार्यालय द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि परिषद की बैठक में लिए गए फैसले के बाद शहर में हो रहे अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया अब तेज की जाएगी। नगर क्षेत्र की सड़कों, नालियों और शासकीय जमीन पर किए गए अतिक्रमण हटाने का निर्णय पहले ही लिया जा चुका है। इसके तहत पहले चरण में संबंधित कब्जाधारियों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कई स्थानों पर अब भी कब्जा खाली नहीं किया गया है। नगर पंचायत ने स्पष्ट किया है कि तीन चरणों में नोटिस देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर अब प्रशासनिक बल का उपयोग कर कार्रवाई होगी। तहसीलदार और जिला प्रशासन से सहयोग लेने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि अभियान प्रभावी ढंग से पूरा हो सके। नगर पंचायत अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर सहयोग करें। चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जब्ती और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था सुधारना, सफाई व्यवस्था मजबूत करना और आम लोगों के लिए सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना है। कुछ व्यापारियों ने समय सीमा बढ़ाने की मांग की है, जबकि अधिकांश नागरिकों ने अतिक्रमण हटाने के निर्णय का स्वागत किया। उनका कहना है कि लंबे समय से जाम और गंदगी की समस्या बनी हुई थी और अभियान से राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पंचायत ने बताया कि जल्द ही सर्वे और चिन्हांकन कर चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में इन जगहों से हटाया जाएगा कब्जा { सार्वजनिक मार्ग और नालियों पर किए गए कब्जे हटाए जाएंगे। { दुकानों और ठेलों द्वारा सड़क घेराव पर रोक लगाई जाएगी। { शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण ध्वस्त किए जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *