भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले में वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने और उसका प्रचार करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने चौकी नैला क्षेत्र में छापेमारी कर गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई साइबर पुलिस टीम और चौकी नैला की संयुक्त मुहिम के तहत की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमीत सिंह ठाकुर (25) निवासी नैला दर्रीपारा और प्रतीक मिश्रा (30) निवासी तिफरा काली मंदिर के पीछे, वार्ड 12 बिलासपुर के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से 23 हजार रुपए नगद, 4 मोबाइल और 2 एटीएम कार्ड बरामद किए गए। जांच में जब्त मोबाइल फोन से दो ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा आईडी मिलीं, जिनके माध्यम से लाखों रुपए का लेनदेन किया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी वॉट्सएप ग्रुप बनाकर लोगों को सट्टा खेलने के लिए प्रेरित करते थे और ऑनलाइन सट्टा आईडी बेचकर कमाई करते थे। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन छापेमारी में मिले साक्ष्यों से पूरी गतिविधि उजागर हो गई।जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप का मार्गदर्शन रहा। पुलिस ने बताया कि आरोपी क्रिकेट मैच सहित विभिन्न खेलों में ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे और लोगों से ऑनलाइन रकम वसूलते थे। उनकी गतिविधियों पर टीम लंबे समय से नजर रखे हुए थी। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के सट्टा संचालन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


