भास्कर न्यूज | इंदौरी नगर पंचायत इंदौरी में मां चंडी क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन शनिवार को हुआ। 27 जनवरी से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में कुल 72 टीमों ने हिस्सा लिया था। फाइनल मुकाबला जीतकर मेजबान टीम इंदौरी चैंपियन बनी। इंदौरी और दलपुरवा के बीच खिताबी जंग देखने को मिली। फाइनल मैच में इंदौरी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 158 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। आक्रामक बल्लेबाजी और तेज रनगति ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी दलपुरवा टीम 11 ओवर में 111 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह इंदौरी ने 47 रन से शानदार जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। विजेता इंदौरी टीम को 15,001 रुपए नकद व ट्रॉफी नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि महंगीलाल ने दी। वहीं उपविजेता दलपुरवा टीम को ग्राम पटेल प्रकाश चंद्रवंशी ने 8,001 रुपए व कप देकर सम्मानित किया।


