पटना | नगर के सार्वजनिक मंदिरों के साथ-साथ घरों के छोटे-छोटे मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने धूमधाम से पूजा-अर्चना की। विशेष रूप से गिरजा शंकर मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ, जहां पंडित सुरेश मिश्रा ने विधि-विधान व मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-पाठ कराया। कार्यक्रम के दौरान रामायण मंडली ने शानदार भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके अतिरिक्त बाहर से आए कलाकारों ने भी रंगारंग भजन संध्या प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुबह से लेकर शाम तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। भंडारा व पूजा व्यवस्था में अशोक वर्मा, अरुण वर्मा सहित पूरा वर्मा परिवार सक्रिय रूप से जुटा रहा। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ लिया। इसी क्रम में सरस्वती शिशु मंदिर प्रांगण स्थित मंदिर में भी भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां भगवान शंकर की बारात निकाली गई और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मनोज मंडल, संजय मंडल के यहां भी मंदिर में भव्य पूजा भंडारा हुआ। पूरे नगर में दिनभर श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा।


