भक्तों ने शिव जी का जलाभिषेक किया, जयघोष से गूंजा मंदिर

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर महाशिवरात्रि के अवसर पर कोरिया और एमसीबी जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र पूरी तरह शिवमय नजर आए। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जहां हर-हर महादेव और बोलबम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। जिले के प्रमुख आस्था केंद्र प्रेमाबाग शिव मंदिर में विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। यहां देवराहा बाबा सेवा समिति के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 9 दिवसीय संकट मोचन हनुमत महायज्ञ का आयोजन किया गया है। इस महायज्ञ का समापन 16 फरवरी को आचार्य विक्रम दुबे महाराज के सानिध्य में पूर्णाहुति के साथ होगा। यज्ञ के दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन, कथा प्रवचन और विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुट रहे हैं। विशेष रूप से झुमका डैम स्थित शिव मंदिर और प्रेमाबाग में मुख्य आयोजन हुए। डैम किनारे स्थित मंदिर की आकर्षक सजावट और प्राकृतिक छटा ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालुओं ने दूध, बेलपत्र, धतूरा और गंगाजल से महादेव का अभिषेक किया। प्रेमाबाग मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और शहरी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। समिति के सदस्यों के अनुसार, इन आयोजनों का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है। प्रमुख मंदिरों में उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में कोई असुविधा न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *