भास्कर न्यूज | बेनूर ग्राम पंचायत बेनूर स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय में शुक्रवार को कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय की परंपरा का निर्वहन करते हुए अपने वरिष्ठ साथियों को भावुक माहौल में विदाई दी। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, सम्मान और अपनापन झलकता रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य दीनदयाल शोरी द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। मंच पर भाषण, कविता पाठ और विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विदाई समारोह की प्रमुख परंपरा के तहत कक्षा 12वीं की छात्राओं ने ज्ञान दीप कक्षा 11वीं की छात्राओं को सौंपा। इस परंपरा के माध्यम से वरिष्ठ छात्राओं ने विद्यालय की शैक्षणिक परंपरा, अनुशासन और जिम्मेदारियों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। इस दौरान छात्राओं ने विद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए इसे जीवन का महत्वपूर्ण और यादगार पड़ाव बताया तथा उच्च शिक्षा की दिशा में इसे पहला कदम बताया। इस अवसर पर प्राचार्य दीनदयाल शोरी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन और सही मार्गदर्शन सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर सुनियोजित रणनीति के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही गुरुजनों और माता-पिता के मार्गदर्शन को जीवन की वास्तविक पूंजी बताते हुए संस्कार, नैतिकता और ईमानदारी को अपनाने का संदेश दिया।


