रतलाम से चुराई फॉर्च्यूनर 460Km दूर सागर में मिली:कंपनी का कर्मचारी बदला लेने मुम्बई से आया; चोरी की बाइक से रेकी कर कार ले गया

रतलाम में औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत रिची क्रेन सर्विस से चोरी हुई 50 लाख रुपए की फॉर्च्यूनर कार 460 किलोमीटर दूर सागर के कुंदरू जंगल में मिली। चोरी कंपनी में पहले काम करने वाले मैकेनिक ने ही की थी। 6 महीने पहले 50 हजार रुपए में पंप बेचने के आरोप में उसे काम से निकाल दिया था। इस बात बदला लेने के लिए उसने शनिवार को मुम्बई से आकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। 50 सीसीटीवी फुटेज के की मदद से पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। उसके खिलाफ पहले से भी लूट का मामला दर्ज है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि शनिवार रात 1.30 बजे रिची क्रेन सर्विस के ऑफिस के बाहर खड़ी फॉर्च्युनर कार (एमपी 43 सीबी 4942) चोरी हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज में कंपनी का पुराना कर्मचारी आशुतोष पाठक (निवासी बोरीवली, मुंबई) कार चुराते हुए दिखाई दिया। कार चोरी करने की तीन तस्वीरें देखिए… कार चोरी करने से पहले बाइक भी चुराई
कार चोरी करने से पहले आरोपी ने रेल नगर से बाइक (एमपी 43 डीटी 9929) भी चुराई थी, जिसका इस्तेमाल उसने रेकी के लिए किया। इसके बाद ऑफिस की छत की चद्दर हटाकर अंदर दराज से कार की चाबी निकालकर फरार हो गया। चोरी करने के बाद कार की पहचान छिपाने के लिए उसने आगे की तरफ हरियाणा पासिंग की नंबर प्लेट लगाई, जबकि पीछे की तरफ पुरानी एमपी पासिंग की प्लेट लगी थी। पुलिस ने चोरी की बाइक और कार दोनों बरामद कर ली हैं। मुम्बई में लूट का मामला दर्ज : पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी आशुतोष के खिलाफ मुंबई में भी लूट का मामला दर्ज है। 50 सीसीटीवी और GPS की मदद से मिली कार
पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और GPS ट्रैकिंग की मदद से कार की लोकेशन ट्रेस की। टोल नाकों के फुटेज से पता चला कि कार रायसेन की ओर गई थी। इसके बाद रतलाम एसपी ने सागर एसपी से संपर्क किया और नाकाबंदी कराई। आखिरकार कार को सागर के कुंदरू जंगल से बरामद कर लिया गया, लेकिन उस वक्त आरोपी वहां मौजूद नहीं था। बाद में सघन तलाशी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं, कंपनी से भी होगी पूछताछ
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि संचालक ने आरोपी का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया था। अब पुलिस इस मामले में कंपनी संचालक से भी पूछताछ करेगी। थाना प्रभारी वीडी जोशी के अनुसार, आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा ताकि और भी जानकारियां जुटाई जा सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *