झारखंड सरकार ने गुटखा-पान मसाला की बिक्री, सेवन और भंडारण पर पूरी तरह रोक लगा दी है। गुटखा-पान मसाला की बिक्री, भंडारण या सेवन करते पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुटखा पर रोक लगाने का आदेश जारी होने के बाद मार्मिक बयान जारी करके कहा है कि यह सिर्फ एक प्रतिबंध नहीं है, उन परिवारों के आंसुओं का जवाब है जिनके बच्चे कैंसर से मर गए। राज्य की माताएं व बहनें कहती थीं कि हमारे बेटों-भाई को बचा लीजिए। आज मैं उनके सपनों को साकार कर रहा हूं। दैनिक भास्कर ने गुटखा पर रोक लगने का आदेश जारी होने के बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पान-परचून की दुकानों की पड़ताल की। पाया कि सभी जगह खुलेआम गुटखा-पान मसाला बिक रहा है। सबसे मजेदार बात है कि नेपाल हाउस स्थित स्वास्थ्य विभाग के जिस कार्यालय से गुटखा पर रोक का आदेश जारी हुआ, उसके 100 मीटर के दायरे में ही करीब 10 दुकानों पर गुटखा-पान मसाला खुलेआम बेचा जा रहा है, कोई रोकने-टोकने वाला नहीं है। अपर बाजार के बड़े स्टॉकिस्ट भी ऊंची कीमत पर गुटखा बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं। जानिए कैसे खुलेआम हो रही है गुटखा की बिक्री भास्कर स्टिंग- हर क्षेत्र में पान-परचून की दुकानाें पर मिल रहा गुटखा स्थान : नेपाल हाउस के बगल में पान दुकान रिपोर्टर : गुटखा मिलेगा क्या? दुकानदार : हां, कौन सा दें? रिपोर्टर : तीन-चार तरह का गुटखा चाहिए (नाम बताकर) मिलेगा? दुकानदार : सभी गुटखा देते हुए, पैसे की मांग करता है। रिपोर्टर : गुटखा पर रोक लगी हुई है, फिर आपलोगों को बेचने में डर नहीं लगता? दुकानदार : अरे भाई हम अकेले ही नहीं बेच रहे, पूरे शहर में बिक रहा है। रिपोर्टर : सरकार ने आदेश जारी किया है कि जो गुटखा बेचेगा, उसे जेल भेजेंगे। अब क्या करेंगे? दुकानदार : गुटखा पर रोक लगाना है तो इसे बनाने और होलसेलरों पर रोक लगाकर दिखाएं, सब कागजी आदेश होता है। स्थान : नेपाल हाउस के सामने के चाय दुकान रिपोर्टर : पान मसाला और सिगरेट चाहिए, मिलेगा? दुकानदार : हां, सभी गुटखा है, कौन सा चाहिए? रिपोर्टर : दो पाउच गुटखा दे दो। गुटखा पर रोक है ना जी, कोई जांच नहीं करता? दुकानदार : अरे भईया, स्वास्थ्य विभाग वाले ही सब यहीं बैठते हैं। कौन रोकेगा? रिपोर्टर : अभी तो चारों ओर जांच चल रही थी, यहां कोई नहीं आता क्या? दुकानदार : नहीं, थाना से भी लोग चाय पीने यहां आता है। कोई नहीं रोकता। रिपोर्टर : अब तो गुटखा बेचने पर जेल भेजने का आदेश दिया है, कैसे बेचोगे? दुकानदार : भैया, पहले भी रोक लगी थी। लेकिन बड़े लोगों को कौन रोकेगा। फूड सेफ्टी की टीम ने जांच के लिए भेजा सैंपल, रिपोर्ट नहीं रांची में तंबाकूयुक्त गुटखा-पान मसाला में निकोटिन की मात्रा की जांच के लिए फूड सेफ्टी की टीम ने पिछले दिनों कई पान दुकानों से पान मसाला का सैंपल लिया था। 15 दिन पहले 20 से अधिक सैंपल को जांच के लिए नामकुम स्थित लैब में भेजा गया था। अभी तक इसकी रिपोर्ट नहीं आई है। अपर बाजार और रातू रोड में हैं कई बड़े कारोबारी रांची में गुटखा व पान मसाला के कई बड़े कारोबारी हैं। अपर बाजार व रातू रोड में कई गोदाम ऐसे हैं, जहां पान मसाला की खेप भरी रहती है। मंगलवार को गुटखा पर रोक लगने के बाद कई कंपनियों के गुटखा-पान मसाला के पैकेट की कीमत बढ़ गई। खुदरा दुकानदारों ने बताया कि गुटखा की कालाबाजारी शुरू हो गई है। विस्तृत गाइडलाइन आने के बाद आगे की हाेगी कार्रवाई स्वास्थ विभाग ने गुटखा-पान मसाला पर राेक लगा दी है। यह आदेश मिल गया है, लेकिन विस्तृत गाइडलाइन अभी नहीं मिली है। गाइडलाइन देखने के बाद अागे की कार्रवाई की जाएगी। पान मसाला पर राेक लगी है, इसके बावजूद काेई बेचते हुए पाया गया ताे काेटपा के तहत कार्रवाई हाेगी।
– सुबीर रंजन, फूड इंस्पेक्टर, रांची


